बिहार की सरकारी योजनाओं की जानकारी - एक जगह, आसान भाषा में स्वतंत्र सूचना पोर्टल · गैर-सरकारी हिंदी English

ग़लत जानकारी कैसे रिपोर्ट करें

सरकारी योजनाओं की राशि, तारीख़ें और पोर्टल के लिंक बदलते रहते हैं। हम हर जानकारी आधिकारिक पोर्टल से जाँचकर लिखते हैं, फिर भी कुछ पुराना रह सकता है। अगर आपको कहीं कुछ ग़लत लगे, तो बताइए — यही हमारी सबसे बड़ी मदद है।

1

जिस योजना या पोस्ट में ग़लती दिखी, वह पेज खोलिए

2

नीचे जाकर "क्या यह जानकारी आपके काम आई?" वाले हिस्से में "हमें बताइए" दबाइए

3

क्या ग़लत है वह चुनिए, दो लाइन लिखिए, और भेज दीजिए

कोई पहचान नहीं माँगी जाती। न आधार, न फ़ोन नंबर, न पता। ईमेल भी वैकल्पिक है।

आम सवाल

DivyaBihar.in पर ग़लत जानकारी कैसे रिपोर्ट करें?

हर योजना और हर पोस्ट के नीचे एक हिस्सा है — "क्या यह जानकारी आपके काम आई?"। वहीं "हमें बताइए" पर दबाइए, एक छोटा फ़ॉर्म खुलेगा।

उसमें चुनिए कि क्या ग़लत लगा — राशि, तारीख़, लिंक, पात्रता या कुछ और — और दो लाइन में लिख दीजिए। अगर आपको सही जानकारी पता है, वह भी लिख दीजिए; इससे हमें जाँचने में आसानी होती है।

नहीं मिल रहा तो सीधे संपर्क पेज से भी भेज सकते हैं।

सरकारी योजना की ग़लत राशि कहाँ रिपोर्ट करें?

यहाँ दो अलग बातें हैं, और यह फ़र्क़ समझना ज़रूरी है।

अगर हमारे पेज पर लिखी राशि ग़लत है — यानी सरकारी पोर्टल पर कुछ और लिखा है और हमारे यहाँ कुछ और — तो उसी योजना के नीचे वाले फ़ॉर्म से बता दीजिए। यह हमारी ग़लती है और हम सुधारेंगे।

अगर आपके खाते में कम पैसा आया है — तो यह हमारी नहीं, उस विभाग की बात है। उसकी शिकायत सम्बंधित विभाग के पोर्टल या हेल्पलाइन पर ही होगी। हर योजना के पेज पर आधिकारिक पोर्टल का लिंक दिया होता है। हम सिर्फ़ जानकारी देने वाला पोर्टल हैं, किसी योजना का पैसा हमारे हाथ में नहीं है।

अगर सरकारी आवेदन अटक गया है तो शिकायत कहाँ करें?

इसकी शिकायत हमारे पास नहीं, सरकारी व्यवस्था में होगी — क्योंकि आवेदन उन्हीं के पोर्टल पर जमा होता है।

  • जिस पोर्टल से आवेदन किया था, वहाँ "शिकायत" या "Grievance" वाला हिस्सा देखिए
  • अपनी रसीद या आवेदन संख्या साथ रखिए — उसके बिना बात आगे नहीं बढ़ती
  • प्रमाण पत्र से जुड़ा मामला हो तो अपने अंचल या अनुमंडल कार्यालय में
  • लोक सेवा का अधिकार (RTPS) के तहत तय समय निकल जाने पर अपील का हक़ भी मिलता है

हाँ, अगर हमारे पेज पर दी गई शिकायत की जानकारी या लिंक ही ग़लत है, तो वह ज़रूर हमें बताइए — वह हम ठीक करेंगे।

क्या रिपोर्ट करने के लिए आधार कार्ड देना ज़रूरी है?

बिल्कुल नहीं। हम आधार नंबर, पहचान पत्र, पता या फ़ोन नंबर — कुछ भी नहीं माँगते, और न ही कभी माँगेंगे।

रिपोर्ट भेजने के लिए सिर्फ़ इतना लिखना है कि क्या ग़लत लगा। ईमेल का खाना भी वैकल्पिक है — वह सिर्फ़ इसलिए है कि सुधार के बाद आपको बता सकें। खाली छोड़ देंगे तो भी रिपोर्ट पहुँच जाएगी।

अगर कोई व्यक्ति या वेबसाइट किसी योजना की शिकायत के नाम पर आपसे आधार, OTP या पैसे माँगे, तो मत दीजिए। किसी भी सरकारी शिकायत में OTP नहीं माँगा जाता।

रिपोर्ट के बाद जानकारी कितने समय में सुधरेगी?

हर रिपोर्ट हम तक सीधे पहुँचती है और हम उसे पढ़ते हैं। पर सुधारने से पहले हमें उसे आधिकारिक पोर्टल पर जाँचना पड़ता है — बिना जाँचे बदल देना और भी ग़लत होगा।

  • साफ़ ग़लती (टूटा लिंक, पुरानी तारीख़, टाइपिंग की ग़लती) — आम तौर पर 2–3 दिन में
  • राशि या पात्रता — जाँच में समय लगता है, लगभग एक हफ़्ता
  • जो हमें आधिकारिक पोर्टल पर नहीं मिलती — तब हम बदलते नहीं, बल्कि पेज पर साफ़ लिख देते हैं कि यह बात पक्की नहीं है

ईमेल दिया होगा तो सुधार के बाद बता देंगे। यह कोई सरकारी समय-सीमा नहीं है, बस हमारी अपनी कोशिश है — और हम दो लोगों की छोटी टीम हैं, इसलिए कभी-कभी थोड़ी देर भी हो सकती है।

एक बात साफ़ कर दें

दिव्य बिहार एक स्वतंत्र सूचना पोर्टल है। यह बिहार सरकार या भारत सरकार का पोर्टल नहीं है और न ही किसी विभाग से जुड़ा है। हम किसी योजना का आवेदन नहीं लेते, न पैसा भेजते हैं, न किसी आवेदन की स्थिति बदल सकते हैं।

हम जो कर सकते हैं वह यह है — जानकारी साफ़ हिंदी में, एक जगह, और जहाँ तक हो सके सही। उसी में आपकी रिपोर्ट से मदद मिलती है।

संपर्क करें सभी योजनाएं देखें